स्वरूपगंज में आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को सिखाए बचाव के तरीके
थीम ‘Resilience Starts at Home’ के जरिए घर और समुदाय से आपदा की तैयारी शुरू करने का दिया संदेश
स्वरूपगंज, 13 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर माय भारत सिरोही की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्वरूपगंज में आपदा प्रबंधन एवं आपदा न्यूनीकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने, सुरक्षा उपाय अपनाने तथा आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए तैयार करना रहा।
इस वर्ष की थीम “Resilience Starts at Home” (लचीलापन घर से शुरू होता है) के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपदाओं से निपटने की तैयारी घर से शुरू होकर पूरे समुदाय तक पहुंचनी चाहिए। जागरूकता, पूर्व तैयारी और सामूहिक सहयोग से आपदा के दौरान होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय की उपप्रधानाचार्य वी. साधना, जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़, सिविल डिफेंस स्वयंसेवक सुभाष मीना, भूगोल व्याख्याता एवं ब्लॉक स्वयंसेवक नरेश कुमार सहित माय भारत की टीम मौजूद रही।
CPR और प्राथमिक उपचार की दी जानकारी
वक्ताओं ने कहा कि आपदा प्रबंधन में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि युवा स्वयं जागरूक और प्रशिक्षित होंगे, तो वे जरूरत के समय दूसरों की सहायता करने के साथ आमजन को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकेंगे।
सुरक्षित समाज के निर्माण का आह्वान
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा से पहले तैयारी रखने, संकट के समय सतर्कता बरतने और सामुदायिक स्तर पर सहयोग की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। माय भारत टीम ने युवाओं से सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सुरक्षित एवं आपदा-सक्षम समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर माय भारत की ओर से उदय प्रजापति, राजू, निष्ठा, विकास, महिपाल सिंह, सुरेश, पीयूष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।