सिरोही में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश

सिरोही में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश
गोयली-अनादरा चौराहे से स्कूलों तक सुरक्षा पर जोर, बसों की फिटनेस जांच और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सिरोही, 23 अक्टूबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और शहरी क्षेत्रों में सड़क सीमा (आरओडब्ल्यू) के अंतर्गत होने वाले अवैध अतिक्रमणों को गंभीरता से लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क सीमा में आने वाले अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई कर उन्हें हटाया जाए। इस संबंध में एनएचएआई, सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगर परिषद सिरोही सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए बालवाहिनी वाहनों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्लीपर कोच और अन्य वाणिज्यिक बसों की फिटनेस जांचने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही विपरीत दिशा में वाहन चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ई-डीएआर एप के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। दुर्घटना संबंधी प्रकरणों में पुलिस, चिकित्सा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्कूलों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

स्कूलों के आसपास पर्याप्त यातायात संकेतक बोर्ड लगाने तथा गोयली चौराहे और अनादरा चौराहे पर भारी यातायात को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। शहरी क्षेत्रों में पैदल चलने वालों की सुविधा और सुरक्षा के लिए फुटपाथ विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

जिले के ब्लैक स्पॉट की प्रगति की समीक्षा

बैठक में जिले में चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों पर चल रहे सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
आबूरोड सदर: सर्वोत्तम होटल से हनुमान टेकरी, खड़ात तक का मार्ग।

स्वरूपगंज: श्रीराम होटल कट से एचआर पेट्रोल पंप तक का मार्ग।
अजारी-पिंडवाड़ा चौराहा।

एनएच-27: सड़क के टी-जंक्शन का सुधार एवं निर्माण कार्य।
मालेरा टोल सड़क: सीसी सड़क निर्माण कार्य प्रगतिरत।
जनापुर चौराहा, पिंडवाड़ा।

बारी घाटा सड़क और एनएच-62 का जंक्शन: सुधार कार्य।
अधिकारियों को इन स्थानों पर सड़क सुरक्षा उपायों की प्रगति पर ध्यान देने और आवश्यक सुधार कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

इन स्थानों पर सुरक्षा सुधार के प्रस्ताव भेजने के निर्देश

समिति ने दुर्घटनाओं की आशंका वाले कुछ अन्य स्थानों पर भी आवश्यक सुरक्षा उपायों के प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। इनमें चंद्रावती पुल से अमरनाथ महादेव मंदिर रोड तक रीको आबूरोड सर्विस रोड, एनएच-27 पर हनुमान टेकरी कट से महावीर टॉकीज सड़क तक गलत दिशा में चलने वाले यातायात की समस्या के समाधान के लिए सर्विस रोड की व्यवस्था, पालड़ी एम में आंबेश्वरजी कट से मेडिकल के बीच वीवीयूपी (वाहन अंडरपास) के साथ सर्विस रोड निर्माण तथा सारणेश्वरजी मंदिर जाने वाले कट का सुधार शामिल है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सचिव एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.सी. बराड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

📰 ताजा खबरें