सिरोही में विद्यार्थियों को दिया स्वच्छता और सत्यनिष्ठा का संदेश, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

सिरोही में विद्यार्थियों को दिया स्वच्छता और सत्यनिष्ठा का संदेश, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
सिरोही, 27 अक्टूबर 2026। सिरोही में विद्यार्थियों को स्वच्छता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सिरोही की ओर से विवेकानंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (सर के.एम.), सिरोही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

ईमानदारी और पारदर्शिता से मजबूत होता है समाज

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा ने बताया कि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों सहित उपस्थित सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में सत्यनिष्ठा अपनाने और अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से करने की अपील की।

स्वच्छता को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा

वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता भीक सिंह भाटी ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने घर, विद्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने पर जोर देते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
न्यूज़ फोटो
विद्यार्थियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

केंद्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गेहलोत ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि घरों एवं कार्यालयों में अनुपयोगी वस्तुओं और कबाड़ का पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “सतर्कता: समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” है।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। साथ ही सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने का संकल्प दिलाया।
न्यूज़ फोटो
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेता हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विजेता प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की उपप्राचार्य प्रमिला सिंदल, वरिष्ठ अध्यापक कालूराम, अजयपाल सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने, भ्रष्टाचार से दूर रहने और जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

📰 ताजा खबरें