पंचायतीराज चुनाव 2026: जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पंचायतीराज चुनाव 2026: जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सिरोही | 23 अक्टूबर 2026। राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर एवं पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपलागढ़, निचलागढ़, जायदरा, दोयतरा, बोरीबूझ, पाबा और उपलाखेजड़ा स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद भी किया।

मतदान दलों को गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पूर्ण मनोयोग के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरपंच पद के उम्मीदवारों से भी चर्चा कर चुनाव से संबंधित विषयों पर जानकारी ली।

वहीं, पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस कार्मिकों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद

मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बोरीबूझ के खाखरिया फली स्थित विद्यालय का भी अवलोकन किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित दिखाई दिए।

📰 ताजा खबरें