सिरोही जिले में स्वच्छता अभियान ने पकड़ी रफ्तार, पांचवें दिन हटाया गया कचरा; नक्की लेक से मंडार तक चला सफाई अभियान

सिरोही जिले में स्वच्छता अभियान ने पकड़ी रफ्तार, पांचवें दिन हटाया गया कचरा; नक्की लेक से मंडार तक चला सफाई अभियान
सिरोही, 09 अक्टूबर। जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से संचालित व्यापक स्वच्छता अभियान के पांचवें दिन शुक्रवार को विभिन्न नगरीय निकायों में सफाई अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशानुसार शहरों और कस्बों में सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों तथा कचरा जमा होने वाले स्थानों की सफाई कर कचरे का निस्तारण किया गया।

अभियान के दौरान अनाधिकृत कचरा डंपिंग पॉइंट हटाने, नालों की सफाई करने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, सफाई के बाद दोबारा कचरा जमा नहीं हो, इसके लिए नियमित कचरा संग्रहण और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आबूपर्वत में प्रमुख पर्यटन स्थलों की सफाई, 10 टन कचरा हटाया

आबूपर्वत में नक्की लेक, मुक्तिधाम, ग्लोबल हॉस्पिटल और रोज गार्डन सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्य किया गया। अभियान के दौरान करीब 10 टन कचरा हटाकर संबंधित क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने की दिशा में कार्रवाई की गई।

मंडार में तीन अवैध डंपिंग पॉइंट हटाए

मंडार में वार्ड संख्या 01 और 14, पादर रोड, मुख्य हाईवे तथा पीथापुरा रोड सहित कई स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया। जेसीबी मशीन की सहायता से झाड़ियों को हटाया गया और करीब 4 टन कचरे का निस्तारण किया गया। इसके अलावा तीन अनाधिकृत कचरा डंपिंग पॉइंट भी हटाए गए।

आबूरोड में कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई

आबूरोड में बैंक कॉलोनी, सिंचाई कॉलोनी, साईं बाबा मंदिर के पास, डीजल शेड और अग्रवाल कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया। इस दौरान करीब 1.5 टन कचरा हटाया गया तथा चार अनाधिकृत डंपिंग पॉइंट समाप्त किए गए।

सिरोही शहर में भी चला सफाई अभियान

सिरोही नगरीय क्षेत्र में झोपड़ी रोड, गोयली चौराहा और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही जिले के अन्य नगरीय निकायों में भी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए गए।

नियमित सफाई और निगरानी पर जोर

व्यापक स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थलों को लंबे समय तक साफ-सुथरा बनाए रखना भी है। इसके लिए नियमित कचरा संग्रहण, सफाई कार्यों की निगरानी और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना महत्वपूर्ण है। अभियान के माध्यम से जिले के शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

📰 ताजा खबरें