सिरोही: युवाओं में आत्मविश्वास से विकसित भारत तक का संकल्प, जयपुर में ‘युवा संवाद’ में गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश

सिरोही: युवाओं में आत्मविश्वास से विकसित भारत तक का संकल्प, जयपुर में ‘युवा संवाद’ में गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश
जयपुर/सिरोही, 26 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सेवा, मेहनत और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से समाज के प्रति संवेदनशील रहते हुए देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अच्छा इंसान और अच्छा नागरिक बनना सबसे जरूरी : नितिन नवीन

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि जीवन की वास्तविक सफलता केवल अच्छा इंजीनियर, डॉक्टर या व्यवसायी बनने में नहीं है, बल्कि एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने में है। उन्होंने युवाओं से बड़ा विजन रखने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं में अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने और देश को आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास जगाया है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देश के नागरिकों को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

नितिन नवीन ने युवाओं को शॉर्टकट से बचने और मेहनत को सफलता का आधार बनाने की सीख देते हुए कहा कि जीवन 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि लंबी यात्रा है। इसलिए असफलताओं से निराश होने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए और राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए करने की अपील भी की।

परफॉर्म, रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म से भविष्य बनाएं युवा : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से समाज के प्रति संवेदनशील रहते हुए राष्ट्र सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को परफॉर्म, रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, खेल और नेतृत्व के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, माय भारत प्लेटफॉर्म, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और पीएम मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

राजस्थान में युवाओं के लिए नई पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भी युवाओं के लिए राजस्थान युवा नीति और राज्य कौशल नीति जैसी पहल लागू की गई हैं। उनके अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में बिना पेपरलीक के 1 लाख 90 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

युवाओं ने साझा किए अनुभव और भविष्य के सपने

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए और भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया। युवाओं ने विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

इस अवसर पर युवाओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने के अनुभव भी साझा किए।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी युवा प्रतिभाएं एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से युवा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े।

सिरोही में भी हुआ कार्यक्रम का प्रसारण

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा संवाद कार्यक्रम का प्रसारण डीओआईटी सभागार, सिरोही में किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी, मेहनत, जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

📰 ताजा खबरें