‘जनता को राहत सरकार की प्राथमिकता’ : राज्यमंत्री देवासी ने सुगम्य सिरोही प्रमाणीकरण शिविर में दिव्यांगों को दिलाया योजनाओं का लाभ
सिरोही, 23 जुलाई। प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने गुरूवार को शिवगंज में आयोजित सुगम्य सिरोही शिविर का अवलोकन किया।
शिविर को सम्बोधित करते हुए राज्य मंत्री देवासी ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा साथ ही राजकीय दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की जानकारी को अपडेट भी किया जाएगा।

उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को पूर्ण संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए दिव्यांगों को शिविरों का लाभ देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और प्रशासन के साथ मिलकर आमजन की प्रत्येक परिवेदना का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाने का कार्य किया जा रहा है।
दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर में राज्यमंत्री देवासी के हाथों से श्रवण कुमार और छैल सिंह को ट्राई साइकिल, मोहनलाल और आनंद कुमार को श्रवण यंत्र तथा हिम्मत सिंह को वैशाखी और सीता देवी को व्हील चेयर सहित विभिन्न दिव्यांगों को अंग उपकरण प्रदान किए गए।
इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारम्भ में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अशोक कुमार ने सुगम्य सिरोही शिविर के आगामी आयोजन एवं शिविर में किये जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी।
सुगम्य सिरोही अभियान के अन्तर्गत शिवगंज में आयोजित प्रमाणीकरण एवं सहायता शिविर में बस पास 13, पेंशन 10, युडीआईडी 25, दस्तावेज संशोधन 48, दृष्टिबाधित प्रमाण पत्र 01, श्रवण प्रमाण पत्र रेफर 3, मंदबुद्धि रोग प्रमाण पत्र 8, ऑर्थो प्रमाण पत्र 12, अंग उपकरण के लिए 15 वितरित, पालनहार नवीनीकरण 48 सहित 186 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
इस दौरान अति. जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, बिशन सिंह, ताराराम कुमावत, प्रताप परमार, कुन्दन राठी, तहसीलदार आसुराम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराडी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी हेमंत ओझा, आपणो संस्थान के रमेश मेघवाल और दिनेश प्रजापति सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उमेश गोयल ने किया।