रूपवास/भरतपुर: भरतपुर ज़िले की रूपवास तहसील के रुदावल थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेतों में बारिश से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे खड़े एक ही परिवार के लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई और एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गए।
पेड़ के नीचे शरण बनी काल
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरिया गांव निवासी नितेश गुर्जर (17), अपने बड़े भाई सुनील गुर्जर (22) और केशरदेवी (80) के साथ खेतों में मवेशी चराने गया था। दोपहर में अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों पास स्थित एक बरगद के पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी दौरान गरज के साथ कड़कड़ाती बिजली सीधे बरगद के पेड़ पर आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से नितेश की मौके पर ही मौत हो गई।
आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने घायलों को बयाना चिकित्सालय पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों (सुनील और केशरदेवी) की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला आरबीएम चिकित्सालय भरतपुर रेफर कर दिया।
पुलिस कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही रुदावल थाना पुलिस (ASI भरतलाल) मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक नितेश के शव को कब्जे में लेकर सीएचसी रुदावल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मौसम विभाग की चेतावनी: आकाशीय बिजली से यूं बचें
राजस्थान में सक्रिय मानसून के चलते मौसम विभाग ने भरतपुर और आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट हिदायत दी है कि मेघगर्जन या बारिश के दौरान भूलकर भी ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण न लें, क्योंकि बिजली अक्सर ऊंचे और अकेले खड़े पेड़ों पर ज्यादा गिरती है। गर्जना के समय हमेशा पक्के मकान या सुरक्षित स्थान पर ही रुकें।