पूर्व अध्यक्ष के फैसलों पर समाज का पलटवार, अधिकार डुंगाराम मेघवाल को सौंपे
सिरोही। मेघवाल समाज विकास संस्थान, बाईस परगना, जिला सिरोही की महत्वपूर्ण आम बैठक शुक्रवार को मेघवाल समाज छात्रावास, गोयली रोड में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डुंगाराम मेघवाल ने की।
बैठक में आगामी चुनाव और संस्थान के संचालन को लेकर कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में बताया गया कि पूर्व अध्यक्ष वीरारामजी निवासी ग्राम परलाई का कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका है।
बैठक में मौजूद समाजबंधुओं ने निर्णय लेते हुए वीरारामजी द्वारा आगामी चुनाव के संबंध में संस्थान के लेटरहेड पर व्यक्तिगत स्तर पर लिए गए फैसलों को सर्वसम्मति से अस्वीकार कर दिया। वहीं, 25 अगस्त 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए उनके संदेश को भी निरस्त करने का निर्णय लिया गया।

अधिकारों को लेकर बड़ा फैसला
बैठक में सर्वसम्मति से वीरारामजी के संस्थान से संबंधित समस्त अधिकार कार्यकारी अध्यक्ष डुंगाराम मेघवाल को सौंपने का निर्णय लिया गया। आगामी चुनावी कार्यक्रम पूरा होने तक सामाजिक गतिविधियां डुंगाराम मेघवाल के नेतृत्व में संचालित करने की बात कही गई।

7 दिन में दस्तावेज सौंपने का निर्णय
संस्थान के अधिकृत लेटर पैड के उपयोग को लेकर समाजबंधुओं ने असंतोष जताया। बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्थान से संबंधित सरकारी एवं सामाजिक दस्तावेज 11 सितंबर 2026 तक कार्यकारी अध्यक्ष को सुपुर्द किए जाएं।
13 सितंबर को होगा चुनाव का फैसला!
आगामी चुनाव के लिए विशेष चुनाव कमेटी गठित करने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। संस्थान की अगली बाईस परगना बैठक 13 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10:30 बजे आयोजित होगी। बैठक में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की बात कही गई।
बैठक में सिरोही जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध नागरिक एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अब नजर 13 सितंबर की बैठक पर है—क्योंकि इसी बैठक में होने वाले चुनाव से मेघवाल समाज विकास संस्थान की आगामी दिशा और नेतृत्व की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।