Headlines

फलौदी में महिला सुरक्षा का बड़ा अभियान: हर महिला के मोबाइल में होंगे 1930, 112 और 1090, राजकोप ऐप से मिलेगी तत्काल पुलिस मदद

Spread the love

फलौदी | 31 जुलाई महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को फलौदी नगर परिषद सभागार में “महिला सुरक्षा संकल्प जनजागरण कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने भी भाग लिया और सुरक्षा, साइबर अपराध तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी राशि डोगरा ने कहा कि महिलाओं को आत्मविश्वासी और जागरूक बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने महिलाओं से अपने मोबाइल में राजकोप सिटीज़न ऐप इंस्टॉल करने की अपील करते हुए बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में ऐप के SOS फीचर का उपयोग कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग समय पर शिकायत दर्ज नहीं करा पाते। उन्होंने सभी महिलाओं से साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 और महिला शक्ति हेल्पलाइन 1090 अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि 1 जुलाई से जिलेभर में महिला सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर छह हजार से अधिक बच्चों को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई है। साथ ही वरिष्ठ जन संबल योजना के तहत अकेले रहने वाले बुजुर्गों से भी नियमित संपर्क किया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजराज सिंह चारण ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और राजस्थान पुलिस की विभिन्न सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में 12 महिला मास्टर ट्रेनर बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही हैं। वहीं, पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने के लिए आदर्श नगर, फलौदी स्थित वन स्टॉप सेंटर लगातार सेवाएं प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *