आबू रोड | आगामी गणेश महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से आबू रोड शहर में शिवसेना एवं गणेश भक्तों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संयुक्त कमेटी का गठन किया गया।
शिवसेना शहर प्रमुख लालाराम खारवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सार्वजनिक गणेश महोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शहर की एकता, संस्कृति और धार्मिक आस्था का प्रतीक है।
बैठक में उमेश छंगाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार चार दिवसीय सार्वजनिक गणेश महोत्सव आजाद मैदान में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न आकर्षक आयोजन भी होंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष आबू रोड में 40वीं सार्वजनिक गणपति स्थापना संयुक्त कमेटी के तत्वावधान में की जाएगी। आयोजन को भव्य एवं अनुशासित रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर उमेश छंगाणी, गोपाल शर्मा, महेंद्र गुप्ता, सुरेंद्र सिंह कच्छावा, नरेंद्र अग्रवाल, लालाराम खारवाल, नरेश लोधा, गोपाल सारवान, राजेश राठौड़ एवं सवाराम राठौड़ सहित अनेक गणेश भक्त उपस्थित रहे।