Headlines

जयपुर ग्रामीण में ACB का बड़ा ट्रैप: 40 हजार की रिश्वत लेते हैड कांस्टेबल और दलाल गिरफ्तार

Spread the love

केस में राहत और जांच में मदद के बदले मांगी थी रिश्वत, अमरसर थाने से जुड़े मामले में कार्रवाई से मचा हड़कंप

जयपुरराजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने अमरसर थाने में तैनात हैड कांस्टेबल रतनलाल आर्य और उसके कथित निजी दलाल राकेश मीणा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके खिलाफ अमरसर थाने में दर्ज एक मामले की जांच में राहत देने और उसके पक्ष में कार्रवाई करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के बाद हुआ सत्यापन

शिकायत मिलने पर एसीबी जयपुर की टीम ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।

मंगलवार को परिवादी द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत की रकम दिए जाने के दौरान एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए हैड कांस्टेबल रतनलाल आर्य और राकेश मीणा को दबोच लिया।

रिश्वत की रकम बरामद, ठिकानों पर तलाशी

कार्रवाई के दौरान एसीबी ने कथित रिश्वत की 40 हजार रुपये की पूरी राशि बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी की टीमों द्वारा आरोपियों से जुड़े आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई भी की जा रही है।

एसीबी अधिकारियों के मुताबिक तलाशी के दौरान आय से अधिक संपत्ति और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सुपरविजन में की गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच एसीबी द्वारा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *