ACB का बड़ा एक्शन: CMHO पर 2.75 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, संविदाकर्मी भी फंसा

Spread the love

अस्पताल संचालन से लेकर सोनोग्राफी और आयुष्मान योजना के MOU तक के लिए रिश्वत मांगने का आरोप, सत्यापन में हुई मांग की पुष्टि

प्रतापगढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रतापगढ़ में रिश्वत मांगने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जीवराज मीणा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में कार्यरत संविदाकर्मी महेश पाटीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ACB के अनुसार, एक निजी चिकित्सालय संचालक से अस्पताल संचालन, सोनोग्राफी सुविधा, MAA आयुष्मान योजना के MOU पर हस्ताक्षर और कथित मासिक बंधी के बदले कुल 2 लाख 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आई थी।

गोपनीय सत्यापन में सामने आई रिश्वत की मांग

ACB को इस मामले में शिकायत 3 जनवरी 2026 को प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद ACB प्रतापगढ़ इकाई ने वरिष्ठ अधिकारियों के सुपरविजन में शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया।

ACB अधिकारियों के मुताबिक सत्यापन के दौरान अस्पताल संचालन, सोनोग्राफी सुविधा और MAA आयुष्मान योजना से संबंधित MOU सहित अन्य कार्यों के एवज में रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई।

ट्रैप से पहले सतर्क हो गए आरोपी

ACB के अनुसार, रिश्वत के लेन-देन की कार्रवाई आगे बढ़ने से पहले ही आरोपियों को पूर्व की घटनाओं से संबंधित समाचार प्रकाशित होने की जानकारी मिल गई। इसके बाद आरोपियों के सतर्क हो जाने के कारण रिश्वत की रकम का लेन-देन नहीं हो सका।

इसी वजह से ACB टीम रिश्वत की राशि बरामद करने और ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम देने में सफल नहीं हो सकी।

दोनों के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी

ACB ने शिकायत और गोपनीय सत्यापन में सामने आए तथ्यों के आधार पर CMHO जीवराज मीणा और संविदाकर्मी महेश पाटीदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

ACB के मुताबिक मामले में आगे की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *