आंगनबाड़ी केंद्रों में मिली भारी लापरवाही, जिला कलेक्टर का सख्त एक्शन; नोटिस और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

बाड़मेर, 21 जुलाई। जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान खराब व्यवस्थाएं, अनुपयोगी शौचालय, बच्चों के वजन-लंबाई मापने के उपकरण खराब, स्टॉक रजिस्टर गायब और लाभार्थियों की उपस्थिति में गड़बड़ी जैसी कमियां मिलीं।

जिला कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करने, गडरारोड़ के बाल विकास परियोजना अधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने तथा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं, पोषण सामग्री, रिकॉर्ड संधारण और आवश्यक उपकरण तय मानकों के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही 25 जुलाई 2026 तक सभी कमियों को दूर कर विस्तृत अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए गए हैं।

जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों और तहसीलदारों ने भी विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *