सिरोही। विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही द्वारा जागरूकता अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अजय शर्मा के निर्देशन में प्रस्तावित सात दिवसीय जागरूकता अभियान को लेकर संबंधित हितधारकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक ने की। इसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मवीर, सिरोही होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष शांतिलाल माली, स्ट्रीट फूड वेंडर्स के अध्यक्ष प्रकाश माली सहित होटल-रेस्टोरेंट संचालक, स्ट्रीट फूड विक्रेता एवं किराना कारोबार से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करें और ग्राहकों को केवल ताजा, स्वच्छ तथा निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं।
उन्होंने विशेष रूप से एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं ताजगी की नियमित जांच करने पर जोर दिया। होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड और किराना कारोबारियों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।
मोटे अनाज को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर
बैठक के दौरान पोषण जागरूकता को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया। आमजन को बाजरा, ज्वार, रागी जैसे मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी देने और इन्हें नियमित भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
बार-बार गर्म किए तेल से स्वास्थ्य को नुकसान की आशंका
खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मवीर ने खाद्य पदार्थों को तैयार करने और सुरक्षित रखने से जुड़ी महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खाद्य तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल करने से उसमें ऐसे अवांछित रासायनिक तत्व बनने की आशंका रहती है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इसलिए खाद्य कारोबारियों को तेल के उचित इस्तेमाल और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, साफ पानी का इस्तेमाल करने तथा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग रखने की आवश्यकता भी बताई। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, रसोई एवं कार्यस्थल की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, पैकिंग और लेबल की जांच तथा गुणवत्ता बनाए रखने संबंधी जरूरी जानकारी दी गई।
सात दिवसीय अभियान में होंगी जागरूकता गतिविधियां
बैठक में प्रस्तावित सात दिवसीय जागरूकता अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा, पोषण, स्वच्छ भोजन और सरकारी खाद्य एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने पर चर्चा हुई। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित भोजन के अधिकार, पोषणयुक्त आहार और खाद्य सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बैठक में मौजूद खाद्य कारोबारियों एवं प्रतिनिधियों ने भी खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया।