सिरोही, 26 सितंबर। राजस्थान में नवाचार, उद्यमिता और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से ‘राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता की थीम ‘इनोवेट राजस्थान, आइडियाज फॉर विकसित भारत’ रखी गई है।
प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं और नवोन्मेषकों के नए विचारों को पहचानना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है।
सिरोही में आउटरीच कार्यक्रम आयोजित
शुक्रवार को डीओआईटी कार्यालय, सिरोही में राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट को लेकर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, संयुक्त निदेशक डीओआईटी गोविंद चौधरी, उप निदेशक वेणी गोपाल एवं जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़ के नेतृत्व में विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगिता की जानकारी दी गई।
इस दौरान विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को प्रतियोगिता, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया तथा सहभागिता के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकाधिक युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
ग्रामीण और स्थानीय समस्याओं के समाधान वाले आइडिया पर जोर
राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, एआई एवं रोबोटिक्स, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण, महिला सुरक्षा, स्मार्ट मोबिलिटी, ग्रामीण विकास, सुशासन, पर्यटन तथा डीप-टेक जैसी श्रेणियों से जुड़े नवीन विचारों को अवसर दिया जाएगा।
ऐसे आइडिया भी प्रतियोगिता में शामिल किए जा सकते हैं, जिनसे ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर हो, स्थानीय समस्याओं का समाधान मिले अथवा सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिले। दैनिक जीवन में समय, संसाधन या लागत बचाने वाले व्यावहारिक और उपयोगी नवाचारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर होगी आइडियाथॉन
ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित डीओआईटी अधिकारियों और प्रोग्रामरों द्वारा तैयारियां एवं आउटरीच अभियान शुरू कर दिए गए हैं। उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली आइडियाथॉन में स्थानीय युवाओं के नवाचारों को सामने लाया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन के बाद स्थानीय स्तर पर अधिकतम 30 शीर्ष टीमों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इन टीमों को आई-स्टार्ट के मेंटर्स द्वारा जूरी के समक्ष अपने आइडिया की प्रभावी प्रस्तुति और पिचिंग के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। ब्लॉक स्तरीय मूल्यांकन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा।
ब्लॉक से राज्य स्तर तक मिलेगा पुरस्कार
ब्लॉक स्तर पर पुरस्कार:
- प्रथम पुरस्कार – ₹10,000
- द्वितीय पुरस्कार – ₹5,000
- तृतीय पुरस्कार – ₹3,000
प्रत्येक ब्लॉक से चयनित तीन विजेता टीमें जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए आगे जाएंगी।
जिला स्तर पर पुरस्कार:
- प्रथम पुरस्कार – ₹50,000
- द्वितीय पुरस्कार – ₹25,000
- तृतीय पुरस्कार – ₹15,000
जिला स्तर से चयनित तीन विजेता टीमें जयपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
राज्य स्तर पर पुरस्कार:
- प्रथम पुरस्कार – ₹5,00,000
- द्वितीय पुरस्कार – ₹3,00,000
- तृतीय पुरस्कार – ₹2,00,000
इसके अलावा पांच विशेष श्रेणियों में प्रत्येक के लिए ₹1 लाख का पुरस्कार रखा गया है। इनमें ग्रामीण नवाचार, ऑल-विमेन टीम, जनजातीय/ट्राइबल नवाचार, सामाजिक प्रभाव और ग्रीन इनोवेशन शामिल हैं।
30 सितंबर तक आवेदन का मौका
राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक की जाएगी, जबकि ब्लॉक स्तरीय आइडियाथॉन एवं विजेताओं की घोषणा 15 अक्टूबर 2026 तक किए जाने का कार्यक्रम है।
कौन ले सकता है भाग?
राजस्थान का मूल निवासी कोई भी नागरिक इस प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। विशेष रूप से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, युवा उद्यमी, स्वयं सहायता समूह, ग्रामीण एवं जनजातीय नवोन्मेषक तथा तकनीकी, सामाजिक, पर्यावरण और सुशासन से जुड़े समाधान विकसित करने वाले स्टार्टअप एवं इनोवेटर्स इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
युवाओं से अधिकाधिक पंजीकरण की अपील
ब्लॉक स्तर पर पदस्थापित प्रोग्रामर एवं डीओआईटी अधिकारियों ने क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालयों, उद्यमियों और युवाओं से अधिकाधिक संख्या में ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर आने वाले उपयोगी और नवाचारी विचारों को प्रतियोगिता के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।