वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
सिरोही, 28 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे वृद्धाश्रम, सिरोही में वरिष्ठ नागरिक जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर के आयोजन को लेकर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के कार्यालय में विभिन्न अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सकों तथा प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही की सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक ने की।

बैठक में शिविर के प्रभावी आयोजन तथा वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित चिकित्सकों एवं निजी चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधियों ने शिविर में सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की।

इन स्वास्थ्य सेवाओं का मिलेगा लाभ

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, ब्लड शुगर, वजन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

डॉ. विनीता महात्मा (महात्मा क्लिनिक), डॉ. पी. के. दामोट (महादेव स्किन क्लिनिक), डॉ. वैभव (गुजरात हॉस्पिटल) एवं डॉ. महिपाल सिंह (अरिहंत हॉस्पिटल) ने 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाले शिविर में निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान करने की सहमति दी।

बैठक में महात्मा क्लिनिक से डॉ. विनीता महात्मा, महादेव स्किन क्लिनिक से विपिन अग्रवाल, गुजरात हॉस्पिटल से महेश कुमार प्रजापति तथा अरिहंत हॉस्पिटल से विक्रम जैन उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और अधिकारों पर जोर

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सावित्री आनंद निर्भीक ने चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं अधिकारों की सुरक्षा के लिए विधिक सेवा संस्थाओं के साथ चिकित्सा संस्थानों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक एवं उनके परिजन 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे वृद्धाश्रम, सिरोही पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यकतानुसार दवाइयों एवं उपलब्ध अन्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।

📰 ताजा खबरें