नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश, प्रशासन और निर्वाचन प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
बाड़मेर। राजस्थान में नगर निकाय चुनावों के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को बाड़मेर पहुंचे। पायलट ने यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और निकाय चुनाव में मैदान में उतरे पार्टी प्रत्याशियों से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद वे धोरीमन्ना में आयोजित स्वर्गीय किसान नेता गोरधनराम की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
जयपुर से ट्रेन के जरिए बाड़मेर पहुंचे सचिन पायलट का रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान सांसद उम्मेदाराम, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, बायतु विधायक हरीश चौधरी, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा सहित कई नेता मौजूद रहे।
‘जनता बदलाव चाहती है’
बाड़मेर में मीडिया से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल का आकलन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव के मूड में है।
पायलट ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि थार क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत पकड़ रही है और पार्टी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को और मजबूती देंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर लगाए गंभीर आरोप
सचिन पायलट ने निकाय चुनाव की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग और प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर सत्ता पक्ष के लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है।
उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के दौरान समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कथित तौर पर सिंबल जमा किए जाने और नामांकन स्वीकार किए जाने के आरोप लगाए। पायलट ने कहा कि आज के दौर में अधिकांश जगहों पर सीसीटीवी और मोबाइल कैमरों से रिकॉर्डिंग होती है, ऐसे में यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है और सभी को पहले से ज्यादा सक्रियता के साथ मैदान में उतरना होगा।
गुटबाजी के सवाल पर भाजपा पर पलटवार
कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर पायलट ने पलटवार करते हुए कहा कि गुटबाजी कांग्रेस में नहीं बल्कि भाजपा में दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह भाजपा प्रत्याशियों को लेकर ही विवाद की स्थिति सामने आई है।
पायलट ने दावा किया कि कांग्रेस प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में मजबूत प्रदर्शन करेगी और बाड़मेर में भी पार्टी बहुमत हासिल करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी।
वीरेंद्र धाम पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
बाड़मेर जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद सचिन पायलट पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी के पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र चौधरी की स्मृति में बने वीरेंद्र धाम छात्रावास पहुंचे। यहां उन्होंने वीरेंद्र चौधरी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने एडवोकेट सुनीता चौधरी से राखी भी बंधवाई और छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से संवाद किया। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में जरूरतमंद विद्यार्थी बिना किसी भेदभाव के रहकर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
इसके बाद पायलट कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और निकाय चुनाव के प्रत्याशियों से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के बाद वे धोरीमन्ना के लिए रवाना हुए, जहां स्वर्गीय किसान नेता गोरधनराम की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।