बारां में सहकार सप्ताह के तहत लाभांश वितरण शुरू, सदस्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ ले सकेंगे चेक

Spread the love

बारां, 1 जुलाई। भारत सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे ‘सहकार सप्ताह’ के तहत बारां स्थित बैंक में वर्ष 2024-25 के लाभांश चेक वितरण की शुरुआत कर दी गई है। बुधवार को प्रधान कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष हरगोविन्द जैन एवं संचालक मंडल की मौजूदगी में चयनित सदस्यों को लाभांश के चेक सौंपकर वितरण प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया।

बैंक के महाप्रबंधक अनिल बौद्ध ने बताया कि लाभांश वितरण केवल बारां प्रधान कार्यालय ही नहीं, बल्कि छबड़ा, मांगरोल, अन्ता, अटरू और छीपाबड़ौद शाखाओं में भी शुरू कर दिया गया है। जिन सदस्यों के खातों में 16 जून 2026 तक लाभांश की राशि किसी कारणवश हस्तांतरित नहीं हो सकी, उनके लिए चेक वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि संबंधित सदस्य अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड की छायाप्रति तथा सदस्यता कार्ड के साथ कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संबंधित शाखा या प्रधान कार्यालय पहुंचकर लाभांश का चेक प्राप्त कर सकते हैं।

बैंक प्रबंधन ने कहा कि सहकार सप्ताह के दौरान शुरू किया गया यह लाभांश वितरण अभियान सदस्यों के प्रति बैंक की जवाबदेही और सहकारिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पात्र सदस्यों को समयबद्ध तरीके से लाभांश उपलब्ध कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *