समान नागरिक संहिता पर जनता की राय लेगी सरकार, सिरोही में 7 जुलाई को होगी जनसुनवाई

Spread the love

UCC प्रारूप पर सुझाव देने का मौका, सिरोही के आमजन 7 जुलाई को रख सकेंगे अपनी बात

सिरोही | 30 जून राजस्थान में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रारूप को लेकर जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने जनसुनवाई की प्रक्रिया शुरू की है। इसी क्रम में जोधपुर संभाग स्तर पर 6 और 7 जुलाई को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं, विधि विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए जाएंगे।

संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने बताया कि 6 जुलाई को जोधपुर स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संभाग स्तरीय जनसुनवाई होगी। इसमें सांसद, विधायक, नगर निकायों के प्रतिनिधि, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, विधिवेत्ता, सामाजिक संगठनों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। संभाग के अन्य जिलों के प्रतिनिधि भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस प्रक्रिया से जुड़ेंगे।

सिरोही जिले में 7 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक डीओआईटी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें नागरिक अपने लिखित सुझाव और अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। आवश्यकता होने पर उन्हें सुनवाई पैनल के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर भी दिया जाएगा।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं, अधिवक्ताओं, विधि के विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों से इस जनसुनवाई में भाग लेकर समान नागरिक संहिता के प्रारूप पर अपने सुझाव देने की अपील की है।

राजस्थान सरकार द्वारा गठित समान नागरिक संहिता 2026 प्रारूप समिति की सदस्या डॉ. शुची चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रक्रिया का उद्देश्य विभिन्न वर्गों के विचार प्राप्त कर प्रारूप को अधिक व्यापक और जनभावनाओं के अनुरूप बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *