Headlines

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी, चेकपोस्ट-फ्लैग मार्च और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर जोर

Spread the love

पंचायत-निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

सिरोही, 12 अगस्त। ( पत्रकार कैलाश रावल ) पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के पुलिस अधिकारियों, उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सक्रियता जरूरी है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों की समयबद्ध पालना करने तथा सूचनाओं का निर्धारित समय पर संप्रेषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आदर्श आचार संहिता की पालना, चेकपोस्ट की स्थापना, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, मतदान केंद्रों पर एएमएफ एवं ईएमएफ सुविधाएं, फ्लैग मार्च, अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई, निगरानी एवं गश्त सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों का पूर्ण विवरण अद्यतन रखने, उपखंड मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की जाने वाली कार्रवाई का रिकॉर्ड संधारित करने तथा एरिया डोमिनेशन जैसी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने और सभी स्तरों पर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं, ईवीएम स्ट्रांग रूम, कमीशनिंग, विभिन्न अनुमति प्रकोष्ठों का गठन, स्वीप प्लान, मतदान सामग्री का वितरण एवं संग्रहण तथा आरओ से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न स्तरों पर अनुमति के लिए गठित किए जाने वाले प्रकोष्ठों में आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति करने को कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी, स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं प्रलोभनमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेशों एवं दिशा-निर्देशों का गहनता से अध्ययन कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न लेआउट प्लान, कार्ययोजना एवं अन्य प्रक्रियाओं से संबंधित कार्रवाई निर्धारित समय में पूरी कर मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान सूचियों के अद्यतन एवं संशोधन का कार्य भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर पूरा करने को कहा।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान सहित जिले के समस्त उपखंड अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विकास अधिकारी एवं नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *