आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के समाजसेवा प्रभाग की ओर से पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति एवं विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर 21 से 25 अगस्त तक पांच दिवसीय विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान भारत और नेपाल में एक लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के तहत देशभर में स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के छह हजार से अधिक सेवाकेंद्रों सहित सरकारी-निजी अस्पतालों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। आबूरोड स्थित शांतिवन मुख्यालय में भी प्रतिवर्ष की तरह विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन होगा।

8 अगस्त को हुआ राष्ट्रीय शुभारंभ
महाअभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ 8 अगस्त को ओआरसी, गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जिला ब्लड बैंक, सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, रोटरी इंटरनेशनल, लायंस क्लब, आईएसबीटीआई सहित विभिन्न सामाजिक एवं शासकीय संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।
डिजिटल माध्यम से होगी मॉनिटरिंग
अभियान में प्रत्येक रक्तदाता और रक्तदान शिविर से संबंधित आवश्यक जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज की जाएगी। शिविरों की लोकेशन, तारीख, समय, रक्तदाताओं की संख्या और सहयोगी संस्थाओं सहित अन्य विवरणों की निगरानी डिजिटल माध्यम और गूगल मैप के जरिए की जाएगी।
पिछले वर्ष जुटा था 88,378 यूनिट रक्त
वर्ष 2025 में आयोजित इसी अभियान के दौरान भारत और नेपाल में 88,378 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था। इस उपलब्धि को ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड द्वारा सम्मानित किया गया। इस बार अभियान को और व्यापक बनाते हुए पिछले वर्ष के आंकड़े को पार कर एक लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।
ब्रह्माकुमारीज़ के अनुसार, दुर्घटनाओं, प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर और गंभीर बीमारियों के उपचार में समय पर रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान को मानव सेवा और जीवन रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान माना गया है। दादी प्रकाशमणि के विश्व शांति, प्रेम, करुणा और विश्व बंधुत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान को सेवा का माध्यम बनाया गया है।
🟢……….. विज्ञापन………. 🟢
