सिरोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आबूरोड से दो अवैध बांग्लादेशी महिलाएं दस्तयाब, प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया शुरू

Spread the love

सिरोही | जिले में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आबूरोड के उमरणी क्षेत्र से दो अवैध बांग्लादेशी महिला नागरिकों को दस्तयाब किया है। प्रारंभिक पूछताछ और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त जांच में दोनों महिलाओं ने स्वयं को बांग्लादेश का निवासी बताया तथा बिना वैध यात्रा दस्तावेज भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने की बात स्वीकार की।

यह कार्रवाई श्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही के निर्देशन में तथा महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आबूरोड के उमरणी स्थित रॉयल राजस्थान स्कूल के सामने एक मकान की प्रथम मंजिल पर दो संदिग्ध महिलाएं रह रही हैं। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों महिलाओं को दस्तयाब किया।

प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों महिलाओं को वन स्टॉप सखी सेंटर, सिरोही लाया गया। इसके बाद जिला विशेष शाखा, आईबी, सीआईडी जोन यूनिट और संयुक्त पूछताछ समिति (JIC) द्वारा विस्तृत पूछताछ की गई। जांच में उनकी पहचान मोनिया खातुन (26 वर्ष) और ईसा इस्लाम (24 वर्ष) के रूप में हुई, जिन्होंने खुद को बांग्लादेश के ढाका क्षेत्र का निवासी बताया।

पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं के पास भारत में प्रवेश के कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले हैं। फिलहाल सीमा सुरक्षा बल (BSF), गृह विभाग और आसूचना ब्यूरो (IB) पश्चिम बंगाल के समन्वय से दोनों के बांग्लादेश प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति के अवैध बांग्लादेशी होने की आशंका हो तो इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम सिरोही के मोबाइल नंबर 9530431323 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *