पारिया फली-मोरस में अवैध शराब के खिलाफ छापा, 4 भट्टियां मौके पर ध्वस्त; दो प्रकरण दर्ज
सिरोही। आगामी चुनावों को देखते हुए अवैध मदिरा की बिक्री, संग्रहण, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत 2 सितंबर 2026 को पारिया फली, मोरस गांव में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
आबकारी विभाग के अनुसार, मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 57 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। वहीं मोरस क्षेत्र के नालों में छिपाकर रखी गई करीब 4000 लीटर महुआ की उत्तेजित वॉश को मौके पर नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान हथकड़ शराब बनाने वाली 4 भट्टियों को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया। मामले में एक महत्वपूर्ण श्रेणी और एक साधारण श्रेणी के कुल दो अभियोग दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त राजस्थान नमित मेहता एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन-जोधपुर सीमा कविया के आदेशानुसार, जिला आबकारी अधिकारी सिरोही गजेन्द्रसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में की गई। कार्रवाई सहायक आबकारी अधिकारी जगदीश राम विश्नोई के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक जय नारायण विक्रम सिंह तथा प्रहराधिकारी हरिसिंह की संयुक्त टीम ने की।
आबकारी विभाग ने दर्ज प्रकरणों में राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 की धारा 16/54 के तहत जांच शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।