सिरोही में नव स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय का प्रवेशोत्सव धूमधाम से संपन्न, नन्हे विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

Spread the love

सिरोही, 9 जुलाई। नव स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय, सिरोही में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और शुभकामनाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद लुंबाराम चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री ओटाराम देवासी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई।

सांसद लुंबाराम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के उत्कृष्ट केंद्र हैं तथा नया विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। वहीं राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वीरेन्द्र सिंह चौहान ने स्वागत भाषण देते हुए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। मंच संचालन गणपत सिंह राठौड़, श्रीमती सीना मकरानी और पंकज कुमार अहलावत ने प्रभावी ढंग से किया।

इस अवसर पर जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, उपखंड अधिकारी हरि सिंह देवल, प्रधान हंसमुख कुमार सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अब्दुल हसीब खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। प्रवेशोत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ तथा नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *