Headlines

50 हजार की सुपारी देकर हत्या की साजिश! उधारी के 2.29 लाख मांगने पर रची खौफनाक प्लानिंग, दंपती समेत 3 गिरफ्तार

Spread the love

कोटा में सनसनीखेज मामला: पैसे मांगने पर युवक को मिल रही थी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने ऑडियो क्लिप के आधार पर खोला राज

कोटा। शहर के भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय उसकी हत्या करवाने की साजिश रची गई और इसके लिए 50 हजार रुपए की सुपारी देने की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, परिवादी मनोज सक्सेना ने 7 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने आशीष सिंह राठौड़ को करीब 2.29 लाख रुपए उधार दिए थे। यह रकम शादी के लिए दी गई थी। शादी को करीब सवा साल बीत जाने के बावजूद रकम वापस नहीं लौटाई गई।

पैसे मांगने पर मिली धमकी

परिवादी का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि आरोप है कि उसकी हत्या करवाने की योजना भी बनाई गई।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई, जिसमें कथित तौर पर 50 हजार रुपए में हत्या की सुपारी देने से संबंधित बातचीत सामने आई।

पुलिस जांच के बाद तीन गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद भीमगंज मंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में आशीष कुमार उर्फ चवन्नी, आशीष सिंह राठौड़ और उसकी पत्नी शैवाली सिंह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आशीष कुमार उर्फ चवन्नी के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, जानलेवा हमला, जुआ-सट्टा और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले बताए गए हैं।

वहीं, आशीष सिंह राठौड़ के खिलाफ इस मामले को पहला मुकदमा बताया गया है, जबकि उसकी पत्नी शैवाली सिंह के खिलाफ यह दूसरा मामला दर्ज होना बताया गया है।

उधारी के विवाद ने लिया गंभीर मोड़

करीब 2.29 लाख रुपए की उधारी के विवाद से शुरू हुआ मामला कथित हत्या की सुपारी तक पहुंच गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *