जयपुर: कुचामन सिटी शहीद अग्निवीर खेमाराम के परिजनों को सौंपा 1.50 करोड़ का बीमा दावा चेक

Spread the love

जयपुर: कुचामन सिटी. असम के जोरहाट एयरबेस पर विमान हादसे में शहीद हुए डीडवाना-कुचामन जिले के पांचोता निवासी अग्निवीर खेमाराम कुमावत के परिजनों को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने 1.50 करोड़ की बीमा दावा राशि का चेक दिया. बैंक अधिकारियों ने कुमावत के बलिदान को नमन करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं जताई. SBI की नावां शाखा में शहीद के पिता रामदेव कुमावत एवं माता सोहनी देवी को चेक सौंपा गया. SBI के क्षेत्रीय प्रबंधक अभिजीत झा, मुख्य प्रबंधक आशोक कुमार मीणा तथा शाखा प्रबंधक पृथ्वीपाल सिंह शेखावत उपस्थित थे.

डिफेंस सैलरी पैकेज के तहत बीमा लाभ:

SBI नावां शाखा के प्रबंधक पृथ्वीपाल सिंह शेखावत ने बताया कि शहीद खेमाराम कुमावत का वेतन खाता SBI के डिफेंस सैलरी पैकेज (DSP) के अंतर्गत संचालित था. खेमाराम की मृत्यु भारतीय वायुसेना के विमान हादसे में होने के कारण उन्हें एयर एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर के तहत 1.50 करोड़ की बीमा दावा राशि स्वीकृत की गई है. SBI के डिफेंस सैलरी पैकेज में अग्निवीरों के लिए एयर एक्सीडेंटल डेथ कवर 1.50 करोड़ तक उपलब्ध है.

विशेष सैलरी पैकेज:

ब्रांच मैनेजर शेखावत ने बताया कि SBI अपने यहां सैलरी मेंटेन करने वाले रक्षा, अर्धसैनिक बलों तथा विभिन्न सरकारी विभागों के कार्मिकों को विशेष सैलरी पैकेज उपलब्ध कराता है. इन पैकेजों के अंतर्गत दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु, स्थायी विकलांगता तथा अन्य परिस्थितियों में अलग-अलग प्रकार के बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा लाभ प्रदान किए जाते हैं. विभिन्न विभागों एवं सेवाओं के अनुसार इन पैकेजों की सुविधाएं और बीमा कवर अलग-अलग निर्धारित होते हैं.

डिफेंस सैलरी पैकेज:

शाखा प्रबंधक शेखावत ने बताया कि डिफेंस सैलरी पैकेज के तहत पात्र कार्मिकों को शून्य बैलेंस खाता, नि:शुल्क एटीएम लेनदेन, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, एयर एक्सीडेंटल बीमा, स्थायी दिव्यांगता कवर, लॉकर किराए में छूट सहित कई विशेष बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. अग्निवीरों के लिए विशेष प्रावधान भी हैं ताकि सेवा के दौरान आकस्मिक घटना की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके. शाखा प्रबंधक पृथ्वीपाल सिंह शेखावत ने कहा कि बैंक परिवार शहीद खेमाराम कुमावत के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *