जयपुर | कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बानसूर और हरसौरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने चोरी के ट्रोलों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने वाले गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 5 करोड़ रुपये कीमत के चोरी के वाहन, भारी मशीनरी, हथियार और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरोह का सरगना आरिफ मेव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी विजय गुर्जर के खेत पर छापेमारी के दौरान चोरी के ट्रोलों को काटने का अड्डा पकड़ा गया। मौके से एक ट्रोले का चेसिस और केबिन, दो पिकअप, एक अन्य ट्रोले का फ्रेम, एसीई हाइड्रा क्रेन, बोलेरो, तीन मोटरसाइकिल, गैस कटर सेट, ऑक्सीजन व एलपीजी सिलेंडर सहित कई कटिंग उपकरण और अन्य वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान फरार सरगना आरिफ मेव की मोटरसाइकिल से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। इस मामले में पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत भी अलग से कार्रवाई दर्ज की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद ट्रोले हरियाणा के गुरुग्राम और राजस्थान के सवाई माधोपुर (मलारना डूंगर) क्षेत्र से चोरी किए गए थे। पुलिस अब अन्य बरामद वाहनों और पार्ट्स की भी जांच कर रही है, जिससे कई राज्यों में हुई वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और चोरी किए गए ट्रोलों को सुनसान स्थानों पर ले जाकर गैस कटर से काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग जगहों पर बेच देता था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।