धौलपुर नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, 40 हजार रुपए गिनते दिखे अधिकारी

Spread the love

जयपुर: राजस्थान के धौलपुर में नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त गुमान सिंह सैनी का एक कथित रिश्वतखोरी से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में सैनी कथित तौर पर 40 हजार रुपए की नकदी लेते और गिनते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में ठेकेदार का सुपरवाइजर हेमंत भी नजर आ रहा है, जो बातचीत के दौरान 2 प्रतिशत की जगह ढाई प्रतिशत कमीशन देने की बात करता सुनाई दे रहा है।वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि कार्यवाहक आयुक्त गुमान सिंह सैनी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

उनका कहना है कि चूरू के एक ठेकेदार द्वारा फर्जी बिलों को पास कराने का दबाव बनाया जा रहा था। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उन्हें बदनाम करने के लिए यह वीडियो वायरल किया गया। सैनी ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को भी सौंपने की बात कही है। गौरतलब है कि धौलपुर नगर परिषद पहले भी भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सुर्खियों में रह चुकी है। 11 सितंबर 2025 को भरतपुर एसीबी ने नगर परिषद में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.10 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पांच अधिकारियों और कर्मचारियों को ट्रैप किया था। उस कार्रवाई में एईएन प्रिया झा, कैशियर भरत, ड्राइवर देवेंद्र, यूडीसी नीरज और संविदाकर्मी हरेंद्र को गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *