बैठक में सांसद ने महात्मा गांधी नरेगा योजना की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर योजना में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप मार्गों के सुधार, सड़क किनारे पटरियों के निर्माण तथा अन्य जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। ’हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत किए गए पौधारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि पौधारोपण केवल संख्या तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं पानी की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने सीएचसी एवं पीएचसी भवनों के लिए स्वीकृत बजट के अनुरूप निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने आवश्यकतानुसार समिति गठित कर जांच कराने तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा पाइपलाइन कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा शेष प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के तहत प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत नए भवन निर्माण प्रस्तावों, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना तथा स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने अनुसूचित जनजाति एवं अन्य वर्गों के विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्तियों का विस्तृत रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि उच्च स्तर पर चर्चा कर विद्यार्थियों को शीघ्र लाभ दिलाया जा सके। बैठक में जिले में संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सांसद ने पात्र व्यक्तियों को समय पर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कृषि उपज मंडियों में ई-नाम योजना की प्रगति, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा उद्यानिकी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने कहा कि जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा बैठक में प्राप्त सुझावों एवं निर्देशों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में बायतू विधायक हरीश चौधरी, बाड़मेर विधायक डा.प्रियंका चौधरी,शिव विधायक विधायक रविन्द्र सिंह भाटी, उप वन संरक्षक सविता दहिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत सहित समिति सदस्य, पंचायत समिति प्रधानगण एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।