नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज, जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप
आबूरोड/सिरोही। नगर निकाय चुनाव से पहले सिरोही जिले के आबूरोड में कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला उपाध्यक्ष अमित बैरवा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नाम भेजा है।
अमित बैरवा ने इस्तीफा पत्र में नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी की मौजूदा स्थिति और टिकट वितरण प्रक्रिया पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के जमीनी स्तर पर लंबे समय से सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है।
निर्दलीय चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों को टिकट देने पर सवाल
इस्तीफा पत्र में अमित बैरवा ने ऐसे कुछ प्रत्याशियों को कांग्रेस का टिकट दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं, जो पूर्व में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। उनका कहना है कि टिकट वितरण में पार्टी के निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी।
अमित बैरवा के मुताबिक, संगठनात्मक निर्णयों और टिकट वितरण की प्रक्रिया से वे काफी आहत हैं, जिसके चलते उन्होंने जिला उपाध्यक्ष पद छोड़ने का फैसला लिया।
कांग्रेस को नुकसान की जताई आशंका
अमित बैरवा ने यह भी कहा कि कुछ प्रत्याशियों की चुनाव जीतने की संभावनाएं बेहद कमजोर नजर आ रही हैं। ऐसे में गलत टिकट वितरण का सीधा असर कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर पड़ सकता है और पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद आबूरोड की कांग्रेस राजनीति में हलचल तेज हो गई है। नगर निकाय चुनाव से पहले टिकट को लेकर पहले भाजपा में सामने आई नाराजगी के बाद अब कांग्रेस में भी अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व अमित बैरवा के इस्तीफे और उनके द्वारा उठाए गए सवालों पर क्या रुख अपनाता है और चुनावी मैदान में इसका पार्टी पर कितना असर पड़ता है।