सिरोही, 06 अगस्त। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से गुरुवार को सिरोही जिले के पिंडवाड़ा स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को आरबीआई ओम्बड्समैन योजना-2026, सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार और साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में आरबीआई के प्रबंधक नितेश यादव ने बैंक ग्राहकों को उनके अधिकारों, शिकायत निवारण प्रणाली तथा आरबीआई ओम्बड्समैन योजना के तहत शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है।
उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, फर्जी कॉल, मैसेज और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के तरीकों से अवगत कराते हुए नागरिकों से किसी भी परिस्थिति में अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही संदिग्ध लेनदेन या साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल बैंक और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में लीड बैंक अधिकारी उम्मेद राम मीणा, सचिन शर्मा (आरबीआई) तथा एसबीआई बैंक स्टाफ भी उपस्थित रहे। उम्मेद राम मीणा ने भी साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए लोगों से स्वयं सतर्क रहने और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्य बिंदु
पिंडवाड़ा में आरबीआई का उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
आरबीआई ओम्बड्समैन योजना-2026 की दी गई जानकारी।
साइबर फ्रॉड से बचाव और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग पर विशेष जोर।
ओटीपी, यूपीआई, केवाईसी और फर्जी लिंक से सावधान रहने की सलाह।
साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत सूचना देने की अपील।