Headlines

आबूराज में भाजपा संगठन का शक्ति प्रदर्शन, बूथ सशक्तिकरण पर संगठन महामंत्री अजय कुमार का बड़ा मंत्र

Spread the love

प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम बोले— कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर हुआ मंथन

आबूपर्वत/सिरोही। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम तथा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा के पहली बार आबूराज आगमन पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत माता के जयघोष और पार्टी के पटके पहनाकर नेताओं का अभिनंदन किया गया। इसके बाद आयोजित संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने अनुशासन, समन्वय और सक्रिय भागीदारी के साथ संगठनात्मक दायित्व निभाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन ही जनता के बीच पार्टी के प्रति भरोसे को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।

बैठक के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने सिरोही जिले एवं आबूपर्वत मंडल में चल रहे संगठनात्मक कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि जिले में पार्टी के सभी अभियान और कार्यक्रम सक्रिय रूप से संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में सांसद लुम्बाराम चौधरी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश कोठारी, जिला महामंत्री नरपत सिंह राणावत, गनपत सिंह, जिला मंत्री गीता अग्रवाल, प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा प्रवक्ता शाबिर, प्रदेश युवा मोर्चा संयोजक अजय नाथ ढाका, बाबू भाई पटेल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोपाल माली, सुनील आचार्य, टेकचंद ब्राह्मणी, प्रज्ञा चौरसिया, प्रदीप अग्रवाल, मंडल महामंत्री लक्ष्मण प्रजापत, अरविंद रावल, मंडल उपाध्यक्ष सलीम कलम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही ओरिया ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

बैठक के अंत में आगामी संगठनात्मक अभियानों, बूथ स्तर पर कार्य विस्तार और जनसंपर्क कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *