राडबर नदी में खान-पुलिस की संयुक्त दबिश, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, एक लोडर चालक मौके से फरार
सिरोही | 03 जुलाई 2026 जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में सिरोही जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। खान विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को तहसील शिवगंज के राजस्व ग्राम राडबर नदी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर दबिश देकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली मय बजरी जब्त की, जबकि एक ट्रैक्टर-लोडर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
कार्रवाई के दौरान खान विभाग के तकनीकी कर्मचारी जसवंत सिंह चुंडावत तथा पालड़ी एम थाना प्रभारी कैलाशदान बारहठ के नेतृत्व में पुलिस जाब्ते ने नदी क्षेत्र में जांच की। जब्त किए गए दोनों वाहनों को पुलिस थाना पालड़ी एम की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
जांच में सामने आया कि नदी क्षेत्र से करीब 252 मैट्रिक टन खनिज बजरी का अवैध खनन एवं विक्रय किया गया। मामले में विक्रम सिंह (उथमण), जोगाराम (उथमण) और स्वरूप सिंह (पालड़ी एम) सहित संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना पालड़ी एम में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इस संयुक्त अभियान में खान विभाग के अधिकारियों के साथ होमगार्ड एवं पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक उदाराम, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार तथा कांस्टेबल सुनील कुमार और गणेश कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।