सिरोही में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 120 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त, 5 हजार लीटर वॉश नष्ट

Spread the love

सिरोही, 21 अगस्त। आगामी चुनावों को देखते हुए अवैध मदिरा की बिक्री, संग्रहण, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत सिरोही जिले में बड़ी कार्रवाई की गई।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता, राजस्थान एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन जोधपुर श्रीमती सीमा कविया के आदेशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सहायक आबकारी अधिकारी राधेश्याम परिहार एवं आबकारी निरोधक दल के सहायक आबकारी अधिकारी जगदीश राम विश्नोई के नेतृत्व में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की गुप्त सूचना पर गांव पारिया फली, मोरस में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मानाराम पुत्र उदाराम एवं रोशन पुत्र उदाराम, जाति गरासिया, निवासी पारिया फली मोरस के कब्जे से 60-60 लीटर, कुल 120 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की। मामले में दो महत्वपूर्ण श्रेणी के अभियोग दर्ज किए गए।

इसके अलावा मोरस क्षेत्र के नालों में अवैध शराब बनाने के लिए तैयार की गई करीब 5,000 लीटर महुआ की उत्तेजित वॉश तथा 8 हथकड़ शराब बनाने की भट्टियां मौके पर नष्ट की गईं।

आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 की धारा 16/54 के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *