डोडुआ व सरतरा स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
सिरोही, 21 अगस्त। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में जिले में संचालित “नशा मुक्त सिरोही एवं बाल संरक्षण जागरूकता अभियान” के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डोडुआ एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरतरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम, बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक हिम्मत सिंह चारण ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की बुराई से बचाकर ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
बालिकाओं की सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
पुलिस विभाग की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम से श्रीमती इंदिरा ने बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं साइबर अपराधों से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक मनोहर सिंह ने बच्चों को राष्ट्रीय निःशुल्क आपातकालीन चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट या सहायता की आवश्यकता होने पर बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को नशामुक्ति एवं बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन परामर्शदाता प्रिंस सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य सोनू मिस्त्री, शिक्षक रीना सोनी, महेन्द्र परमार, दिनेश व्यास, सरुपाराम माली, सुबोध कुमार सिन्हा, राजेन्द्र रावल, ओम प्रकाश मेघवाल, हिम्मत सिंह चारण, कालिका टीम से इंदिरा एवं टीम सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।