सिरोही : देवासी का संयम लोढ़ा पर पलटवार—‘2021-23 में जमीन के सौदों पर तब क्यों नहीं बोले?’

Spread the love

राज्यमंत्री देवासी का पलटवार—रामझरोखा मंदिर प्रकरण से मेरा कोई संबंध नहीं

रामझरोखा मंदिर जमीन विवाद पर मंत्री देवासी का बड़ा बयान—‘मेरी कोई भूमिका नहीं, लगाए जा रहे बेबुनियाद आरोप’

सिरोही, 14 अगस्त। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर रामझरोखा मंदिर के पीछे की जमीन के पट्टों को लेकर पूर्व विधायक संयम लोढ़ा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया। देवासी ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मंदिर की जमीन के पट्टों के निर्माण या उनके विक्रय में उनका किसी भी स्तर पर कोई हस्तक्षेप नहीं रहा है।

राज्यमंत्री ने कहा कि रामझरोखा की भूमि वर्ष 2000 से महंत जयराम दास के नाम थी, जिसके बाद वह उनके शिष्य सीताराम दास के नाम नामांतरित हुई। उनके अनुसार, सीताराम दास ने अपनी इच्छा से भूमि का विक्रय किया होगा और इस पूरी प्रक्रिया से उनका कोई संबंध नहीं है।

देवासी ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2021 से 2023 के बीच जब जमीन से जुड़े सौदे हुए, तब उन्होंने इस मामले को क्यों नहीं उठाया? उन्होंने कहा कि उस समय न तो डीएलबी में ज्ञापन दिया गया और न ही जांच की मांग की गई। राज्यमंत्री ने कहा कि संबंधित लीज डीड्स की जांच कराई जाएगी।

‘सिरोही के विकास के लिए लाए 1500 करोड़ से अधिक के काम’

राज्यमंत्री देवासी ने प्रेस वार्ता में अपने कार्यकाल के दौरान सिरोही में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में सिरोही के लिए करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं।

उन्होंने कृषि कॉलेज, सिरोही बस स्टैंड के पुनर्निर्माण, सड़क निर्माण, करीब 20 करोड़ रुपये के मिसिंग लिंक एवं नॉन-पैचेबल सड़क कार्य, अंजीर उत्कृष्टता केंद्र, फल-सब्जी मंडी तथा कालन्द्री पंचायत समिति के नवगठन सहित विभिन्न कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।

वेटेनरी कॉलेज और कॉलेज रंगमंच को लेकर भी साधा निशाना

देवासी ने कहा कि पूर्व विधायक संयम लोढ़ा द्वारा वर्ष 2022 में वेटेनरी कॉलेज लाने का दावा किया गया था, लेकिन उनके अनुसार उस दौरान न तो प्रशासनिक स्वीकृति और न ही जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई। राज्यमंत्री ने बताया कि अब उन्होंने गोल में वेटेनरी कॉलेज के लिए भूमि आवंटित करवाई है।

राजकीय महाविद्यालय सिरोही में रंगमंच निर्माण को लेकर भी देवासी ने सवाल उठाया और पूर्व विधायक से राशि के स्रोत एवं मद को लेकर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

आरएसएस और सेवा भारती को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप

राज्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं उससे जुड़े सामाजिक संगठनों के प्रति सकारात्मक रवैया रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में विद्या भारती और सेवा भारती से जुड़े आवंटित भूखंडों को निरस्त किया गया था, जिन्हें अब पुनः आवंटित कराया गया है।

देवासी ने ‘भोपा भगाओ’ जैसे बयानों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह स्वयं माताजी के मंदिर के पुजारी एवं भोपाजी हैं और सिरोही की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का विश्वास प्राप्त है और वे क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।

कई जमीन मामलों की जांच की बात

राज्यमंत्री ने रामझरोखा मंदिर की जमीन से जुड़े कुछ पट्टों का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने पूर्व विधायक के समर्थकों से जुड़े कुछ जमीन मामलों पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो उन मामलों को भी सामने लाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में सांसद लुंबाराम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, प्रधान हंसमुख मेघवाल, जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल चारण सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि सिरोही के चहुंमुखी विकास, सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि के लिए वे आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *