सिरोही के पीएम श्री बालिका विद्यालय को मिली 52 लाख की सौगात: टीन शेड, योग-क्राफ्ट लैब, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला व बाल वाटिका का लोकार्पण

Spread the love

सिरोही। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरोही में बालिकाओं को आधुनिक शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हुए हैं। शुक्रवार को विद्यालय परिसर में विधायक मद एवं पीएम श्री योजना के तहत करीब 52 लाख रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण राज्य मंत्री ओटाराम देवासी एवं सांसद लुम्बाराम चौधरी के आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पहार अर्पित कर हुई। समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि सरकार बालिका शिक्षा को मजबूत बनाने और विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सिरोही विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

सांसद लुम्बाराम चौधरी ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

52 लाख में विकसित हुईं आधुनिक सुविधाएं

प्रधानाचार्य श्रीमती हीरा खत्री एवं पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि विधायक मद से 12 लाख रुपये की लागत से टीन शेड का निर्माण करवाया गया है। वहीं पीएम श्री योजना के तहत करीब 40 लाख रुपये की लागत से योग एवं क्राफ्ट लैब, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला तथा बाल वाटिका विकसित की गई है।

नई सुविधाओं से छात्राओं को रचनात्मक गतिविधियों, योग, विज्ञान के प्रयोग एवं व्यावहारिक शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। बाल वाटिका के माध्यम से प्रारंभिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए सीखने का आनंददायी वातावरण तैयार किया गया है। वहीं टीन शेड से विद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य आयोजनों के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा।

छात्राओं ने सांसद के सामने रखी हॉल की मांग

लोकार्पण समारोह के दौरान छात्राओं ने सांसद लुम्बाराम चौधरी के समक्ष विद्यालय में एक हॉल निर्माण करवाने की मांग रखी। छात्राओं ने बताया कि विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विद्यालय में हॉल की आवश्यकता है।

भामाशाहों एवं समाजसेवियों का सम्मान

विद्यालय के विकास और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं समाजसेवियों का समारोह के दौरान सम्मान किया गया। विद्यालय प्रशासन ने सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग से विद्यालय में सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है।

कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं गणमान्यजन रहे मौजूद

समारोह में एडीपीसी रमसा कांतिलाल आर्य, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा भबूताराम मेघवाल, यूसीईओ आशुतोष व्यास, सीओ स्काउट एम.आर. वर्मा, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा, भीम सिंह भाटी, हंसा राम रावल, प्रीति चौहान, हेमलता पुरोहित सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

उप प्रधानाचार्य श्रीमती वर्षा त्रिवेदी सहित विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती प्रतिभा आर्य एवं गोपाल सिंह राव ने किया।

52 लाख रुपये के विकास कार्यों से विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिली है। इससे छात्राओं को आधुनिक संसाधनों के साथ अध्ययन, प्रयोग, रचनात्मक गतिविधियों और सर्वांगीण विकास के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *