सिरोही। [ रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ] छात्र हितों से जुड़ी सात सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को NSUI सिरोही के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने महाविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन की सूचना पर महाविद्यालय के प्राचार्य बाहर पहुंचे और धरने पर बैठे छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। NSUI कार्यकर्ताओं के अनुसार, सात में से छह मांगों को प्राचार्य ने छात्रों के सामने स्वीकार करते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
वहीं, छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता छात्र संघ चुनाव के प्रतीकात्मक शव को लेकर महाविद्यालय के बाहर पहुंचे और नाटक के माध्यम से सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
नाट्य प्रदर्शन में मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा और सिरोही विधायक एवं मंत्री ओटाराम देवासी के किरदारों को प्रस्तुत कर छात्र संघ चुनाव बंद किए जाने पर सरकार पर तंज कसा गया। प्रदर्शन के माध्यम से छात्र संघ चुनाव को पुनः शुरू करने की मांग उठाई गई।
NSUI कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों की लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सरकार से छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान NSUI जिलाध्यक्ष चम्पालाल तीरगर, सिरोही ब्लॉक अध्यक्ष पदम सिंह देवड़ा, मुकेश राणा, नेपाल सिंह देवड़ा, राहुलराज, महिपाल परिहार, अंकलेश बरार, भूपेन्द्र सिंह, देवाराम देवासी, भूपेन्द्र परमार, आकाश, असफाक, शिवाजी राजे, बाला, कोमल, दीप्ति, मलिक, निशा, एकता, विजय, शंकर, महिपाल सिंह, सुरेश, प्रकाश, रितिक, अरमान, लोकेश, अयान, अभिषेक, अलकेश, पीयूष, सरफराज, अली, रघु सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।