Headlines

टीबी मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़ रहा, रोहित खत्री ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; अस्पताल में जांच व्यवस्था सुधारने की मांग

Spread the love

सिरोही: जिला अस्पताल की खराब Truenat मशीन बनी परेशानी, टीबी मरीजों की जांच व्यवस्था सुधारने की मांग

सिरोही, 11 अगस्त। [ रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ]  जिला अस्पताल सिरोही में टीबी (क्षय रोग) की जांच के लिए उपलब्ध Truenat मशीन लंबे समय से खराब होने का मामला सामने आया है। मशीन के खराब होने से टीबी संदिग्ध और मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल से अन्य स्थानों पर भेजे जाने की समस्या को लेकर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में खत्री ने बताया कि जिला अस्पताल में आने वाले टीबी संदिग्ध मरीजों को जांच के लिए कभी टीबी कार्यालय तो कभी अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है। अस्पताल में माइक्रोस्कोप उपलब्ध होने के बावजूद माइक्रोस्कोपिक जांच नियमित रूप से नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले गरीब मरीजों को बार-बार अलग-अलग स्थानों पर जाने से समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी होती है। साथ ही जांच में देरी होने से उपचार की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

खत्री ने कलेक्टर से मांग की कि जिला अस्पताल में लंबे समय से खराब Truenat मशीन को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। जरूरत होने पर मशीन की मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही अस्पताल में उपलब्ध माइक्रोस्कोप से टीबी की जांच नियमित रूप से कराने और मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जाएं।

उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलना जरूरी है। जिला अस्पताल में ही जांच की समुचित व्यवस्था होने से मरीजों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर जाने से राहत मिलेगी।

इस दौरान भंवर माली भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *