आबूरोड में पुलिस को बड़ी सफलता: हिरासत से फरार मोबाइल स्नैचिंग आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

Spread the love

11 पुलिस टीमों ने पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में चलाया सघन सर्च ऑपरेशन, एसपी ने आबूरोड में डेरा डालकर संभाली कमान

सिरोही/आबूरोड, 9 अगस्त। आबूरोड सदर थाना पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए मोबाइल स्नैचिंग के आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुखरी माता मंदिर के पास पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए तत्काल 11 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने आबूरोड और आसपास के पहाड़ी एवं दुर्गम इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और वन्यजीवों के खतरे के बावजूद पुलिसकर्मियों ने लगातार तलाशी अभियान जारी रखा।

एसपी ने खुद संभाली मॉनिटरिंग

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने आबूरोड में रहकर पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी की। उनके निर्देशन में गठित टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश की।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल देवी सिंह तथा कांस्टेबल लेखराम और बृजभूषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं थाना अधिकारी प्रदीप डागा और लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने लगातार अभियान चलाया।

लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित

पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने के मामले में एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।

मोबाइल स्नैचिंग और फरारी को लेकर पूछताछ

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। अब आरोपी से मोबाइल स्नैचिंग की वारदात, फरारी के दौरान उसके ठहरने के स्थान और अन्य संबंधित पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों ने लगातार मेहनत की और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद 48 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *