सिरोही | [ रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ] जिले में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रक्तदान अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत 9 से 14 अगस्त तक जिले के विभिन्न ब्लॉकों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान कई महिलाओं को गंभीर रक्तस्राव, एनीमिया अथवा अन्य चिकित्सीय जटिलताओं के कारण तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में समय पर रक्त उपलब्ध होना मां और शिशु दोनों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि जिले की किसी भी हाई रिस्क गर्भवती महिला को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। एक यूनिट रक्त किसी परिवार के लिए नई उम्मीद और दो जिंदगियों की रक्षा का कारण बन सकता है।
ब्लॉकवार रक्तदान शिविर कार्यक्रम
09 अगस्त – आबूरोड (ब्रह्माकुमारी परिसर)
10 अगस्त – सिरोही (जिला चिकित्सालय)
11 अगस्त – पिण्डवाड़ा (सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र)
12 अगस्त – रेवदर (सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र)
14 अगस्त – शिवगंज (जिला चिकित्सालय)
जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने जिले के युवाओं, सरकारी कर्मचारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और सभी स्वस्थ नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना समाज की साझा जिम्मेदारी है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
“एक यूनिट रक्त, एक मां की मुस्कान और एक नवजीवन की उम्मीद बन सकता है।”