केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को सौंपा ज्ञापन, बढ़ते यातायात और लगातार हो रहे हादसों का दिया हवाला, जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग
नई दिल्ली | ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) 5 अगस्त। जालोर–सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर झेरडा–मण्डार–रेवदर–सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग-168 को फोरलेन में विकसित करने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर परियोजना में तेजी लाने का आग्रह किया।
सांसद चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-168 के फोरलेन निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु 4 अक्टूबर 2024 को निविदा आमंत्रित की गई थी। इसके बाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से 132.31 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के उपरांत 23 अप्रैल 2025 को डीपीआर तैयार करने का कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि कांडला पोर्ट से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे इस मार्ग पर यातायात का दबाव अत्यधिक हो गया है। विशेष रूप से मण्डार, रेवदर और सिरोही के मुख्य बाजारों में सड़क पार करना भी आम लोगों के लिए चुनौती बन गया है। बढ़ते ट्रैफिक के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं और जनहानि की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि विभागीय प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर झेरडा–मण्डार–रेवदर–सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग-168 के फोरलेन निर्माण कार्य को जल्द प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि फोरलेन परियोजना शुरू होने से न केवल सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, बल्कि जालोर–सिरोही क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।