सिरोही | 19 जुलाई : ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) सिरोही शहर शनिवार को पूरी तरह धर्ममय वातावरण में रंग गया, जब श्री सिरोही जैन संघ के तत्वावधान में परम पूज्य आचार्य श्री जगप्रज्ञसूरिश्वरजी म.सा. आदि ठाणा का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। शहरभर में निकली भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु भगवंत के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मंगल प्रवेश यात्रा का शुभारंभ प्रातः कांच मंदिर, कृष्णापुरी से हुआ। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, सजे-धजे घोड़ों, ऊंटों और रथों के साथ निकली शोभायात्रा सिरोही के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जैन वीसी (JVC) परिसर पहुंची। मार्गभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गुरु भगवंत का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा, पूर्व विधायक तारा भंडारी तथा गुजरात सरकार के मंत्री सुनील सिंघी सहित विभिन्न राज्यों से आए अनेक श्रद्धालुओं ने गुरु भगवंत के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और चातुर्मास की सफल एवं मंगलमय पूर्णता की कामना की।
चातुर्मास के लाभार्थी परिवार द्वारा गुरु भगवंत की अगवानी और स्वागत के विशेष आयोजन किए गए। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में वंदन कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया।
आचार्य श्री जगप्रज्ञसूरिश्वरजी म.सा. के सिरोही आगमन से जैन समाज में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। आगामी चातुर्मास अवधि में नियमित प्रवचन, स्वाध्याय, तप, आराधना एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनसे बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त करेंगे।