सिरोही, 13 जुलाई। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित “हरियालो राजस्थान“ वृक्षारोपण अभियान 2026 के अन्तर्गत नगर परिषद सिरोही को 40 हजार वृक्ष का लक्ष्य दिया गया है। नगर परिषद ने इस अभियान का शानदार आगाज करते हुए 9 जुलाई को राज्य मंत्री ओटाराम देवासी तथा सांसद लुम्बाराम चौधरी की उपस्थित में शिवगंज रोड हवाई पट्टी के पास वृक्षारोपण प्रारम्भ किया है।
नगर परिषद सिरोही ने 40 हजार के विरूद्ध 50 हजार नये पेड़ लगाने की योजना बनाई है इसके अन्तर्गत माण्डवा ग्राम पंचायत की भूमि पर पेड़ लगाने की तैयारी की है जहां पर नगर परिषद ने अब तक 5 से 7 हजार पौधे नरेगा कर्मियों की मदद से लगा दिये है तथा लगातार वहां पर कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त शिवगंज रोड पर आधा किलोमीटर लम्बी जगह पर हरित पट्टी के रूप में मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण किया जायेगा। इसके अलावा टाउन हॉल के सामने अतिक्रमण हटाकर मियावाकी पद्धति से वृक्षरोपण किया जायेगा। इसके अलावा खाम्बल डम्पिंग यार्ड में कचरा डालने की भूमि पर चार दीवारी के अन्तर्गत वृक्षारोपण करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा शहर के प्रमुख सड़कों मार्गों के दोनो तरफ सीमेन्ट के ट्री गार्ड लगाकर 7 से 8 फीट लम्बाई के पौधे लगाये जायेंगे।

नगर परिषद आयुक्त जोधाराम विश्नोई ने बताया कि जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशानुसार हरियालो राजस्थान 2026 के अंतर्गत नगर परिषद सिरोही द्वारा लगभग 50 हजार पौधे लगाने तथा उनकी नियमित रूप से पानी पिलाने की योजना बनाई गई है। इस योजनानुसार माह जुलाई-अगस्त 2026 में इस कार्य को पूरा किया जायेगा।