सिरोही, 13 जुलाई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार संचालित माहभर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अजय शर्मा द्वारा किशोर न्याय बोर्ड (जे.जे.बी.), सिरोही परिसर में पौधरोपण किया गया।
पौधरोपण के उपरांत अध्यक्ष महोदय द्वारा पालना गृह एवं किशोर न्याय बोर्ड, सिरोही का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों के आवास, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बच्चों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने एवं आवश्यक दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके समुचित विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण देखभाल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर अध्यक्ष महोदय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। वृक्षारोपण केवल प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।