622 से अधिक राजस्व एवं पंचायत प्रकरणों का निस्तारण, 45 पट्टे किए गए जारी
सिरोही, 09 जुलाई। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरूवार को पंचायत समिति शिवगंज की ग्राम पंचायत कैलाशनगर में संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया एवं लाभांर्थियों को दस्तावेज वितरित किए। इस शिविर में 622 से अधिक राजस्व एवं पंचात प्रकरणों का निस्तारण किया तथा 45 पट्टे वितरित किए।
शिविर में सम्भागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों पर जाकर विभागीय योजना में लाभांर्थियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणजनों से ग्राम विकास व उनकी आधारभूत सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं में पात्र व्यक्तियों लाभांवित होने का आह्वान किया।

संभागीय आयुक्त की मौजूदगी में शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा शुद्धि के 560 प्रकरण, विभाजन के 12 प्रकरण तथा राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 136 के 5 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा पात्र लाभार्थियों को 45 आवासीय पट्टे जारी किए गए।
शिवगंज उपखण्ड अधिकारी आसुराम नायक, प्रधान प्रतिनिधि ठाकुर विशन सिंह देवड़ा, मोहनलाल पुरोहित, नायब तहसीलदार चन्द्रप्रकाश चारण, पंचायत प्रसार अधिकारी मोहनलाल, भू-अभिलेख निरीक्षक भुराभाई चौहान, पटवारी रिछपाल सिंह व गोपाल सिंह देवड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।