सिरोही | 08 जुलाई 2026 अभय राजपुरोहित हत्याकांड को लेकर बुधवार को सिरोही जिला मुख्यालय पर राजपुरोहित समाज ने विशाल प्रदर्शन कर न्याय की मांग उठाई। समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष और युवाओं ने रामझरोखा से न्याय यात्रा निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने विशेष जांच अधिकारी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) की नियुक्ति तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग रखी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
ज्ञापन में आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने, पूरे मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के कथित ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई।
समाज की ओर से पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की भी मांग की गई। ज्ञापन में अभय राजपुरोहित के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा तथा उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक अभय राजपुरोहित को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस का पर्याप्त जाब्ता तैनात रहा।