शिक्षा के प्रति समर्पण का सम्मान: जिला कलेक्टर ने भामाशाह कन्हेयालाल चिपड़ को किया सम्मानित
राजसमंद | शिक्षा के क्षेत्र में जनसहभागिता और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आमेट के समाजसेवी एवं भामाशाह कन्हेयालाल चिपड़ को जिला स्तरीय ‘शिक्षा श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कन्हेयालाल चिपड़ ने आमेट स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से विकास कार्य करवाया। उनके इस सराहनीय योगदान को देखते हुए शिक्षा विभाग ने उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया।
विद्यालय के शिक्षक मुकेश चंद्र वैष्णव ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे भामाशाह कन्हेयालाल चिपड़ के सहयोग से स्थायी रूप से पूरा किया गया। इससे विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को बड़ी राहत मिली है।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र प्रजापत का भी भामाशाह को प्रेरित कर शिक्षा विकास में सहयोग जुटाने के लिए अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन आमेट के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चुंडावत, पूर्व सरपंच तेज सिंह चुण्डावत, गोपीलाल शर्मा टिकड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भामाशाह कन्हेयालाल चिपड़ के सम्मानित होने पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य बाबूलाल सालवी, प्राध्यापकगण, समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में समाज और विद्यालय के बीच मजबूत साझेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। यह सम्मान शिक्षा के विकास में जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को नई मजबूती प्रदान करता है।