Headlines

घोसुंडी में सरकारी कुएं पर अतिक्रमण का आरोप, गंदगी और अंग्रेजी बबूल से बढ़ा खतरा; कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी

Spread the love

किशनपुरिया नदी क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग, शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप

घोसुंडी | संवाददाता ग्राम पंचायत घोसुंडी के अंतर्गत किशनपुरिया नदी क्षेत्र में स्थित सरकारी कुएं एवं उसके आसपास की सार्वजनिक भूमि पर कथित अतिक्रमण और गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

स्थानीय निवासी एवं पूर्व वार्ड पंच प्रेम सिंह सिसोदिया ने आरोप लगाया कि सरकारी कुएं के आसपास अनाधिकृत कब्जा होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसी कुएं से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी होती है, लेकिन इसके आसपास लंबे समय से गंदगी फैली हुई है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि कुएं के आसपास बड़े पैमाने पर अंग्रेजी बबूल और झाड़ियां उग आई हैं, जिनमें जहरीले जीव-जंतु छिपे रहते हैं। उनका कहना है कि आए दिन सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

प्रेम सिंह सिसोदिया के अनुसार, इस संबंध में ग्राम पंचायत को कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायतें दी गईं। इसके अलावा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी कुएं और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाकर व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही अंग्रेजी बबूल और अन्य झाड़ियों को हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *